राजगढ़। एडीजी नक्सल वाराणसी की क्विक रिएक्शन टीम और स्थानीय पुलिस ने फोर्स के साथ क्षेत्र के भवानीपुर जंगल तथा आसपास के गांवों में गुरुवार को कांबिंग की। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं।
पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह व एडीजी नक्सल वाराणसी की क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) ने गुरुवार को मयफोर्स कांबिंग कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने टीम को राशन कार्ड एवं अनाज वितरण में अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार राशन कार्ड बनाने के नाम पर लोगों से कई बार पैसा ले चुका है लेकिन अभी तक राशन कार्ड नहीं बन सका है। ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया। यह भी बताया कि पेयजल की गंभीर समस्या है। टीम के प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं नोट कीं। समस्याओं से उच्चाधिकारियों अवगत कराने के साथ समाधान कराने का भरोसा दिलाया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से कहा कि अपने आसपास किसी अज्ञात व्यक्ति या संदिग्धों के समूह दिखे तो पुलिस को सूचित करें। कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से संपर्क नहीं रखें, न ही किसी के बहकावे में आएं।