मिर्जापुर। छानबे विकास खंड के अरंगी सरपती के ग्रामीणों ने सड़क की मांग लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन पश्चात जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने सौंपे गए ज्ञापन में कहा यदि लोकसभा चुनाव से पूर्व गांव को मुख्य सड़क से न जोड़ा गया तो चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान सरोज कुमार यादव ने कहा कि गांव मुख्य सड़क से न जुड़ने के कारण गांव के स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वहीं गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं में शामिल 108, 102 एम्बुलेंस व यूपी हंड्रेड नहीं पहुंच पा रही है। गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं न पहुंच पाने के लिए गांव की गर्भवती महिलाओं को प्रसव व प्रसव के बाद मुख्य सड़क से कई मीटर पैदल का सफर करना पड़ रहा है। कहा बरसात के दिनों में लोगों का घरो से निकलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि सड़क की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के यहां गुहार लगाया गया पर आज तक सड़क की मांग पूरी नहीं की गई। प्रदर्शन के दौरान प्रदीप मिश्रा, पंकज सिंह, रंजीत पाठक, गीमा, सुशील, रंजना आदि मौजूद रहे।