राजगढ़। मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने राजगढ़ ब्लाक के दारानगर में मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री आवास एवं शौचालय का निरीक्षण करने के पश्चात ग्राम पंचायत के पांचों मजरों में बने प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय को भी देखा। जहां ग्राम पंचायत में बने हुए आवासों में मवेशी बंधे हुए पाए गए और शौचालय में गंदगी का अंबार भी देखने को मिला। हद तो तब हो गई जब नए वित्तीय वर्ष के दौरान बने हुए आवासों में लाभार्थियों द्वारा भूसा तथा लकड़ी रखे हुए मिले। यह देखते ही सीडीओ भड़क कई और बीडीओ समेत अन्य लोगों को कड़ी फटकार लगाई।
कर्मचारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत दारानगर में नए वित्तीय वर्ष में कुल 42 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिसमें से जांच के दौरान 37 आवास पूर्ण पाए गए। शेष बचे हुए पांच पर कार्य चल रहा था। मजे की बात यह रही कि ग्राम पंचायत के भरकों राजस्व गांव में एक ही परिवार के तीन भाइयों को प्रधानमंत्री आवास दे दिया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि आवास को नक्शे के अनुरूप बनवाएं नहीं तो उनसे सरकारी धन की रिकवरी भी की जाएगी। सीडीओ दारानगर के राजस्व गांव लहास, भरको कुसुमहवा आदि गांव का पैदल चलकर भौतिक सत्यापन किया। कहा कि जो लोग शौचालयों का प्रयोग नहीं कर रहे थे ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के लिए खंड विकास अधिकारी तथा प्रधान को निर्देशित किया। जांच के दौरान लहास गांव में बने हुए प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय को देखा। बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा बनवाया गया आंगनबाड़ी केंद्र का शौचालय ध्वस्त एवं गंदगी से भरा पड़ा पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने बाल विकास अधिकारी राजगढ़ को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से जनता में गलत संदेश जाएगा। राजस्व गांव लहास में पड़े हुए चरागाह को समतलीकरण कराकर उसे खेल के मैदान के लिए तैयार करने को उपस्थित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया। इसके बाद गांव की महिलाओं ने राशन न मिलने की शिकायत की। इस पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी राजगढ़ रामचंद्र राम को जांच कर उन्हें राशन मुहैया कराने का आदेश दिया। निरीक्षण के अंत में लहास गांव में बने हुए आदर्श तालाब को देखा जिसमें पानी ना होने और झाड़ी देख कर उसे साफ सफाई कर इसमें पानी भरवाने के लिए ग्राम प्रधान से कहा। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रामचंद्र राम, सहायक विकास अधिकारी पंचायत राजेश कुमार सिंह, एपीओ नरेगा पंकज, ग्राम विकास अधिकारी विजय प्रताप, प्रधान कमलावती देवी, रामाज्ञा मौर्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग भी सम्मिलित रहे।