मिर्जापुर। जिले में आयोजित किसान पाठशालाओं में अधिकारियों ने जिले के विभिन्न विकास खंडों में पहुंचकर किसानों को खेतीबारी के संबंध में विस्तार से बतलाया। सीखड़ प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय विकास खंड के ईश्वर पट्टी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय मिसिरपुरा में गुरुवार को किसान पाठशाला लगी। इस दौरान किसानों को खेतीबारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गई।
उप निदेशक कृषि अशोक कुमार उपाध्याय कहा किसी भी दशा में 25 दिसंबर तक गेहूं की बुआई अवश्य कर दें। कहा, समय के बाद हुई बुआई से पैदवार पर सीधे असर पड़ता है। कृषि निदेशक ने कहा देर से बोने की दशा में बीज की मात्रा कम से कम 25 प्रतिशत तक बढ़ा कर ही बीजों की बुवाई करें। किसान पाठशाला में कृषि विभाग की योजनाएं एवं देय सुविधाएं, रबी फसलों के समर्थन मूल्य, कृषकों की आय दोगुना करने की रणनीति ,समेकित कृषि प्रणाली, प्रधानमंत्री फसल बीमा, पुनर्गठित मौसम समेत अन्य जानकारियां प्रदान की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान नीलम शुक्ला, जटाशंकर पांडेय, विषय वस्तु विशेषज्ञ फजेंदर श्रीवास्तव, राम बाबू सहित कृपाशंकर सिंह, रघुराज सिंह, मोर सिंह, पप्पू सिंह, मन्नू आदि किसान मौजूद रहे। इसी तरह जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति ने सिटी विकास खंड के नौंहा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में किसान पाठशाला का आयोजन किया। इस दौरान महिला किसानों की संख्या पुरुषों से ज्यादा रही। इस दौरान किसानों के हित में सरकार द्वारा चलाई गई जानकारी के साथ ही खेतों की बुआई व फसलों में लगने वाले रोगों की सुरक्षा के बारे में न सिर्फ विस्तार से बताया बल्कि लगने वाले रोगों की पहचान कराते हुए दवाओं के छिड़काव पर जानकारी दी। किसान पाठशाला में ग्राम प्रधान विपिन समेत भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।