चुनार। कैलहट में मालगाड़ी से स्पीलर उतराते समय पोल से टकराकर टूटे स्टे इंसुलेटर ओएचई तार की चपेट में आकर झुलसे दो रेल कर्मियों समेत छह मजदूरों की जानकारी होने पर मंडल प्रबंधक इलाहाबाद अमिताब अपनी टीम के साथ गुरुवार की देर रात घटना स्थल कैलहट पहुंचे। घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने तीन सदस्यीय टीम गठित कर घटना की जांच करने के निर्देश दे दिए है। कहा कि झुलसे लोगों को बेहतर उपचार के लिए रेलवे के इलाहाबाद अस्पताल में भर्ती कराने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि मालगाड़ी बीआरएच एन, एनआर0 67030711030 पर लदी 2240 पी आर सी स्लीपर कैलहट स्टेशन पर उतरना था। जो डीएमटी से गुरुवार को सुबह उतारी जा रही थी। इस दौरान स्लीपर पोल से टकराने के कारण स्टे इंसुलेटर टूटकर ओएचई तार पर गिरा पड़ा। जिससे मालगाड़ी पर कार्य कर रहे रेलकर्मी सहित ठेकेदारी के तहत कार्य कर रहे कुल छह श्रमिक बुरी तरह से झुलस गए। जिनका प्राथमिक उपचार स्थानीय एक निजी चिकित्सालय में चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही मंडल के अधिकारी मौके पर दुर्घटना राहत यान से पहुचें। अधिकारियों के साथ इलाहाबाद रेलवे के चिकित्सक डा. परवेज खान ने निजी चिकित्सालय पहुंचकर झुलसे श्रमिकों को देखने के साथ उनके बेहतर इलाज के लिए उच्चाधिकारियों से उन्हें इलाहाबाद ले चलने की बात कही है। रेल अधिकारी झुलसे सभी श्रमिकों को निजी चिकित्सालय से डिस्चार्ज कराकर दुर्घटना राहत यान से शाम 4,17 बजे रवाना हुए। घटना स्थल पर रेल उप मंडल प्रबंधक इमानुल हक, आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल प्रमोद कुमार स्टेशन अधीक्षक अजय श्रीवास्तव, आरपीएफ प्रभारी चुनार अनिल दूबे सहित सिंग्नल के अधिकारी उपस्थित रहे।