शेरवां। ब्लॉक मुख्यालय से चंद क़दम की दूरी पर स्थित प्राचीन काली मंदिर परिसर तक जाने वाले मार्ग पर जलजमाव हो जाने से लोगों का राह चलाना मुश्किल हो गया है। बुधवार, गुरुवार की शाम हुई बारिश के बाद जमालपुर गांववालों समेत मंदिर परिसर तक जाकर पूजापाठ करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के बाद दो दिन से ग्रामीण सड़क पर जमे घुटने तक पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। सड़क किनारे बसे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। जमालपुर के ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान और खंड विकास अधिकारी से जल निकासी के लिए प्रार्थना पत्र भी दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं, पिछले साल की वर्षा ऋतु में महीनों जल जमाव के दौरान ग्रामीणों ने पानी में कागज की नाव चलाकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। नाली निर्माण के लिए खंड विकास अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया था, लेकिन जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कार्य अभी तक नहीं कराया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश हैं। जमालपुर गांव के लोगों का कहना है कि काली मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर जल्द ही नाली का निर्माण कार्य नहीं किया गया तो जन आंदोलन किया जाएगा। प्रधान सोना यादव का कहना है कि नाली निर्माण के लिए खंड विकास अधिकारी को प्रस्ताव बना कर दिया गया है। धन स्वीकृत होते ही नाली का निर्माण कराया जाएगा।