मिर्जापुर। जनपद में डायरिया से नवजात शिशुओं की मौत नहीं होने दी जाएगी। रोटा वैक्सीन के जरिये डायरिया की रोकथाम की जाएगी। यह बातें सीएमओ डा. ओपी तिवारी ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन करने के बाद कही।
सीएमओ ने कहा कि रोटा वैक्सीन की मदद से डायरिया से बच्चों की मृत्यु दर में 40 फीसदी कमी आएगी। रोटा वायरस वैक्सीन प्रत्येक बच्चे को तीन खुराक छह सप्ताह, दस सप्ताह व चौदह सप्ताह में पांच बूंद दी जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह ने कहा कि एक से दस जुलाई के मध्य प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। एसएमओ डब्लूएचओ डा. तनवीर अहमद ने बताया कि रोटा वैक्सीन अन्य टीके की तरह सुरक्षित हैं। कार्यशाला में सभी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, चिकित्साधिकारी, बीसीपीएम व ब्लाक प्रतिरक्षण अधिकारी मौजूद रहे।