मिर्जापुर। पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल मंगलवार को मड़िहान के गढ़वां पटेल गांव पहुंच कर सड़क हादसे में मृत एवं घायलों के परिजनों से मुलाकात कर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि एक यह दुखद घटना है।मृतकों की भरपायी किसी भी प्रकार नहीं की जा सकती है। घटना से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अवगत कराएंगे। साथ ही पार्टी स्तर से जो भी मदद हो सकेगी उसको दिलाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जो दो लाख रुपये का मुआवजा राशि देने की बात कही गई है वह काफी कम है। कम से कम मृतकों के परिजनों को दस दस लाख रुपया तथा घायलों को दो दो लाख रुपये दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना की जांच होनी चाहिए कि ट्रक चालक ने दिन की रोशनी होने के बावजूद कैसे ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दिया। कहीं वह नशे तो नहीं था या उसे नींद तो नहीं आ रही थी। पूर्व सांसद ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को कदम उठाने चाहिए। उन्होंने यातायात के नियमों के प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए कि जब ट्रक चालक नशे में हो या उन्हें नींद आ रही तो वह गाड़ी नहीं चलाएं। इस दौरान आदर्श यादव, विमल पटेल, सुभाष पटेल, कमला पटेल, ओपी सिंह, गप्पू यादव, शेष नारायण, विजय यादव आदि सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।