मड़िहान। क्षेत्र में बिजली विभाग के द्वारा बिना रोस्टर विद्युतापूर्ति से लोग परेशान हो गए हैं। अघोषित बिजली कटौती से मड़िहान क्षेत्र के उपभोक्ता परेशान हैं। रबी फसल बोआई की तैयारी में जुटे किसान खेतों की पलेवा कर रहे हैं, लेकिन वह बिजली आपूर्ति की आंख मिचौली से आजिज हैं। क्षेत्र के किसान अब आंदोलन का मन बना रहे हैं। इमरजेंसी कटौती के नाम पर क्षेत्र के लोगों को महज आठ से दस घंटे बिजली मिल पा रही है। लोगों का कहना है कि सरकार बदला लेकिन बिजली विभाग अपने पुराने ढर्रे पर ही चल रहा है। विभाग द्वारा लॉकबुक में 16 से 18 घंटे आपूर्ति दिखाई जाती है। बिजली कटौती के चलते लघु उद्योग धंधों पर असर पड़ रहा है। किसानों की खेती पिछड़ने से पैदावार पर प्रतिकूल असर पड़ने का भी किसानों को भय सता रहा है। इस मामले में एसडीओ अतुल रघुवंशी ने बताया कि इनकमिंग पैनल ख़राब होने से सिरसी फीडर समेत अन्य फीडरों की सप्लाई एक ही ट्रांसफार्मर से की जा रही है। ट्रांसफार्मर हिट होने से ट्रिपिंग हो रही है। एक सप्ताह के अंदऱ नया इनकमिंग पैनल लग जाने के बाद समस्या से निजात मिल जाएगी।
विद्युत चोरी का मुकदमा
मड़िहान। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बिजली विभाग में दो के खिलाफ विद्युत चोरी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराया था। जेई विद्युत ने ऑनलाइन शिकायत पर दीपनगर पटेहरा के दो लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी अधिनियम के तहत बुधवार को मड़िहान थाने में मुकदमा दर्ज कराया।ऑनलाइन शिकायत के बाद हरकत में आए विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जूनियर इंजीनियर विजय कुमार यादव ने बुधवार को टीम के साथ दीपनगर पटेहरा में जांच करने पहुंचे तो शिकायत सही पाया गया। जेई ने स्थानीय निवासी मनीष पांडेय पुत्र मांधाता पांडेय व भाईराम पुत्र रामनाथ के खिलाफ मड़िहान थाने में विद्युत चोरी तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कराया।