मिर्जापुर। जिले में पहले चरण में 12 हजार 664 किसानों का कर्ज माफ होगा। इन किसानों को जिले के जीआईसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा कर्ज माफी का प्रमाण पत्र दिया जाएगा। वहीं आधार फीडिंग नहीं होने से कर्जमाफी से वंचित किसानों के लिए अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें दूसरे चरण में आठ सितंबर तक किसानों का आधार फीडिंग किया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति ने बताया कि सरकार की कर्ज माफी की योजना से अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए पहले चरण में आधार सीडिंग करा चुके 12 हजार 664 किसानों का कर्ज माफ हो रहा है। इनमें से पांच हजार किसानों को आगामी सितंबर माह में राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में कर्ज माफी का प्रमाण पत्र वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अभी तक बैंकों में आधार जमा नहीं किया है, आठ सितंबर तक बैंक में आधार जमा करा दें। जिससे सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों को मिल सके।