मिर्जापुर। जिलाधिकारी बिमल कुमार दूबे ने बताया कि शासन के द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सहित सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए 181 महिला हेल्प लाइन के रूप में जनपद को एक रेस्क्यू वैन उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि यह 181 एक टोल फ्री नंबर है जो 24 घंटे कार्य करेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी महिला या बालिका जो विषम परिस्थितियों में ग्रस्त हो अथवा उसको किसी प्रकार की समस्या या सलाह की आवयकता हो तो टोल फ्री नंबर के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं। विस्तृत जानकारी देते हुए जिला प्रोवेशन अधिकारी अनिल कुमार सोनकर ने बताया कि इस हेल्प लाइन का केंद्रीयकृत काल सेंटर लखनऊ में संचालित है। रेस्क्यू वैन हेल्प लाइन के साथ जीपीएस सिस्टम से युक्त है, जिसमें टीम घटना स्थल पर पहुंच कर सहायता प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू वैन का कार्य क्षेत्र संपूर्ण जनपद होगा।