मिर्जापुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दसवीं व 12 वीं की परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। समय सारिणी भी जारी कर दिया है। इसके बाद से अब परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई है। इस बार मिर्जापुर जोन से 53 विद्यालयों के 11000 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
मिर्जापुर क्षेत्र में मिर्जापुर व भदोही के विद्यालय आते हैं। मिर्जापुर में 34 व भदोही में 19 विद्यालय केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध हैं। इसमें मिर्जापुर में दसवीं में 3731 विद्यार्थी व 12 वीं में 3342 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। इसी प्रकार भदोही जिले में दसवीं में 2125 व 12 वीं में 1678 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए सभी विद्यालयों में जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के विद्यालयों की संख्या दिनों दिन जिले में बढ़ती ही जा रही है। इसी के साथ ही इन विद्यालयों में विद्यार्थियों की भी संख्या पहले से अधिक हो रही है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सिटी कोआर्डिनेटर व डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य कंचन श्रीवास्तव ने बताया कि सभी विद्यालयों में पाठ्यक्रम पूरा हो गया है। इस समय पुनरावृत्ति कार्य हो रहा है। पिछले वर्ष भी जिले का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा। इस बार भी उससे बेहतर परिणाम आने की संभावना है।