मिर्जापुर। फतहां स्थित पावर कारपोरेशन के कार्यालय में सोमवार को समय से कर्मचारियों के नहीं पहुंचने पर एक्सईएन समेत 11 पर कार्रवाई हुई। डीएम ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के लिए सुबह 10.26 पर जब जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल बिजली कार्यालय पहुंचे तो बिल काउंटर भी बिंद मिला।
फतहां स्थित पावर कारपोरेशन के कार्यालय में 50 से ज्यादा कर्मचारी तैनात हैं। लेकिन उपस्थिति पंजिका में 11 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी सबसे पहले अधिशासी अभियंता मनोज कुमार के कक्ष में गये लेकिन वे अनुपस्थित थे। पूछने पर सहायक अभियंता ने बताया कि वे अभी कार्यालय नहीं आये हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मचारी उदय सिंह, अनिल कुमार, विनोद कुमार, सवारी लाल, विपिन चंद्रा, दिवकर मिश्र, किरन देवी, रजनी केशरवानी, शंकर सिंह चंदेल, सभी कार्यालय सहायक एवं विवेक कुमार, एवं मनीश कुमार मिश्रा टीए द्वितीय का एक दिन का वेतन अदेय करने का निर्देश देते हुये प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम वाराणसी को अवगत कराने का भी सहायक अभियंता को निर्देश दिया। अनुपस्थित अधिशासी अभियंता मनोज कुमार यादव के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
काउंटर पर भी नहीं मिला कोई कर्मचारी
मिर्जापुर। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालय पर बिल जमा करवाने, बिल संशोधन एवं अन्य कार्य से आये उपभोक्ताओं से बातचीत भी की। लोगों ने बताया कि वे सुबह 10 बजे से ही आये हैं परंतु अभी तक काउंटर नहीं खुला। कार्यालय व परिसर की सफाई पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष जताया। साथ ही सहायक अभियंता को निर्देश दिया कि प्रतिदिन कार्यालय व कार्यालय परिसर की सफाई प्रतिदिन करायी जाए। दुबारा निरीक्षण में यदि गंदगी पायी जाती है तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी।