प्रोबेबिलिटी वाले प्रश्नों में उलझे 10वीं के परीक्षार्थी
मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की शुक्रवार को दोनों पालियों में परीक्षा हुई। सुबह की पाली में हाईस्कूल की गणित व दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा हुई। हाईस्कूल की गणित की परीक्षा में प्रोबेबिलिटी (प्रायिकता) वाले प्रश्न में परीक्षार्थियों को कुछ कठिनाई हुई। बीजगणित के प्रश्न भी अपेक्षाकृत कठिन रहे।
सुबह की पाली में हुई गणित की परीक्षा में बीजगणित के द्विघात व समीकरण वाले प्रश्न कुछ कठिन आए। बीजगणित के 12 अंकों के प्रश्न आते हैं। इसी प्रकार प्रायिकता के भी 10 अंकों के प्रश्न आते हैं। इन प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को परेशान किया। दूसरी पाली में हुई इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा में प्रकाश, धारा विद्युत, चुंबकत्व, परमाणु नाभिक, स्थिर वैद्युत आदि के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन रहे। सचल दलों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम ने विसुंदरपुर स्थित आदर्श इंटर काॅलेज, छानबे विकास खंड के हिंचलाल इंटर काॅलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। कहा कि परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है।
सीबीएसई की परीक्षा में 28 अनुपस्थित
मिर्जापुर। जिले में चल रही सीबीएसई की परीक्षा में शुक्रवार को 10 वीं की कंप्यूटर, एआई व इन्फार्मेशन टेक्नोलाॅजी की परीक्षा हुई। लायंस स्कूल के प्रधानाचार्य डाॅ. नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि 4256 परीक्षार्थियों में से 4228 परीक्षा में शामिल हुए और 28 अनुपस्थित रहे।