जिगना (मिर्जापुर)। छानबे ब्लॉक में कर्णावती नदी पर अकोढी - बबुरा मार्ग पर बना रपटे का पूर्वी छोर डेढ़ वर्ष पूर्व आई बाढ़ में बह गया। तब से लेकर अब तक आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। उस वक्त सांसद एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र व तत्कालीन जिलाधिकारी व लोक निर्माण के अधिशासी अभियंता ने दो बार मौका का निरीक्षण मार्ग चालू कराने के लिए अस्थाई व्यवस्था कराते हुए ऊंचा पुल बनवाने का आश्वासन दिया था।
अस्थाई रूप से लकड़ी व लोहे की बनी पुलिया के सहारे इस समय मात्र पैदल, दो पहिया वाहन व बमुश्किल आटो रिक्शा ही निकल पाता है। गांव से अन्य वाहन सवारों को 25 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। मालूम हो कि अकोढ़ी बबुरा मार्ग से अकोढ़ी, बबुरा, तिलई, उंचडीह, जोपा, परवा, सुपंथा, थानी पट्टी, अधवार सहित एक दर्जन गांव के लोगों का आवागमन का सुविधा जनक मार्ग है कर्णावती नदी पर बना रपटा ही सहारा था। इसके भी बह जाने से परेशानी बनी हुई है। क्षेत्र प्रमुख अवधराज सिंह, शिव सेवक पांडेय, आनंद सिंह, अखिलेश सिंह, गोवर्धन सिंह सहित कई लोगों ने शासन प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए बबुरा -अकोढी मार्ग पर कर्णावती नदी पर पुल बनवाने की मांग की है।