मिर्जापुर। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने शुक्रवार की देर रात पक्केघाट के बारादरी पर हुए कब्जे को हटवाया। उन्होंने रास्ते को बंद देख कड़ी नाराजगी जताई और नगर पालिका की मदद से कब्जा हटवाया। चेतावनी दी कि अगर दोबारा किसी ने ऐतिहासिक धरोहर को कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके विरुद्घ मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजवाने की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि स्थानीय व्यापारियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत किया था कि मनबढ़ों द्वारा ऐतिहासिक धरोहर का कब्जा किया जा रहा है। पक्केेघाट की ओर जाने वाले रास्ते को दरवाजा लगाकर बंद कर दिया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी शुक्रवार की देर शाम नगर मजिस्ट्रेट सुशील श्रीवास्तव, ईओ विनय तिवारी के साथ पक्केघाट पहुंचे। वहां की दयनीय स्थिति को देखकर कड़ी नाराजगी जताई।