मिर्जापुर। रोटरी क्लब मिर्जापुर डायमंड की पदाधिकारियों ने नगर के मुसफ्फरगंज स्थित उत्सव वाटिका में आयोजित समारोह में शपथ ग्रहण किया। इस दौरान मुख्य अतिथि रोटेरियन करुणेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि क्लब से युवाओं को जोड़ने पर बल दिया। कहा कि युवाओं के निष्ठा व समर्पण को देखते हुए उन्हें क्लब के कार्यों में आमंत्रित करना चाहिए, जिससे वे कुशल व योग्य रोटेरियन बनकर सेवा का कार्य कर सकें।
शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि करुणेश कुमार श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि सीएमओ डा. ओपी तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने इमरान खान सहित नए व पुराने सदस्यों को रोटेरियन पिन प्रदान किया। अतिथियों का स्वागत पूर्व अध्यक्ष अधिराज दत्त एवं वर्तमान अध्यक्ष डा. दिलशाद खान ने किया। पूर्व सचिव इंदू गुप्ता ने वर्ष 2017-18 में किए गए कार्यों से सभी को अवगत कराया। पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सचिव ने अपना कालर पिन वर्तमान अध्यक्ष व सचिव को प्रदान किया। नए अध्यक्ष रो. दिलशाद खान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने अपनी टीम की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि डॉ. ओपी तिवारी ने कहा कि सदस्य ऐसा प्रोजेक्ट लेकर चलें जो पांच से दस वर्ष तक चले और समाज को लाभ मिल सके। रोटेरियन पंकज खत्री ने मुख्य अतिथि के बारे में जानकारी दी। क्लब के अध्यक्ष डा. दिलशाद खान एवं सचिव शमा नवाज ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। इस दौरान इमरान खान, अब्दुल्ला खान, अमरनाथ अग्रवाल, तारिक सलीम, अरुण टंडन, कुशल सिंह, आशू सोनी, सुरेश तिवारी, अंशु खत्री सहित कई अन्य सदस्यगण मौजूद रहे।