शेरवां। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने प्राथमिक विद्यालय जाफरखानी के प्रधानाध्यापक को शुक्रवार की सुबह निलंबित कर दिया। शिक्षक पर आरोप है कि वंदेमातरम व भारतमाता की जय बोलने पर छात्रों की पिटाई करते थे। अभिभावकों ने इसकी शिकायत बीएसए से की थी। जांच में आरोप सही पाने पर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।
उपजिलाधिकारी डा. अविनाश त्रिपाठी शुक्रवार को विद्यालय पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों व बच्चों से बातचीत की। ग्रामीण व अभिभावकों ने अधिकारियों से शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की बात कही। एसडीएम ने एबीएसए से कहा कि शिक्षक शाहिद फैजल को तुरंत हटाया जाय। जाफरखानी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक में कुल 140 बच्चों का नामांकन है। एक प्रधानाध्यापक व दो शिक्षा मित्रों की तैनाती है। प्राथमिक विद्यालय के कक्षा दो की छात्रा नूरजहाँ पुत्री बनारसी, कक्षा दो के छात्र आलिम, साहिल शाह, कक्षा चार के छात्र सलामत ने बताया कि मास्टर साहब मारते हैं। कक्षा चार की सानिया, पांचवीं के आकाश ने बताया भारत माता की जय, वंदेमातरम बोलने से मना करते हैं और मारते-पीटते हैं। अधिकारियों ने बच्चों व अभिभावकों से पूछा तो बच्चों ने सारी कहानी बता दी। एसडीएम ने बताया कि शिक्षक के प्रति की गई शिकायत सही मिली है। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्र व एबीआरसी सरिता तिवारी मौजूद थी।
जांच में प्रधानाध्यापक शाहिद फैजल द्वारा बच्चों को मारने की शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई है। उनको निलंबित कर दिया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से दूसरे विद्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।-प्रवीण कुमार तिवारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी