मिर्जापुर। माध्यमिक शिक्षकों का विवरण अब आधार से लिंक होगा। इससे शिक्षकों की नियुक्ति में फर्जीवाड़े पर रोक लग सकेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने सभी प्रधानाचार्यों को स्कूूलों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों का आधार नंबर जमा करने को कहा है।
जनपद के सभी वित्तविहीन, मान्यता प्राप्त उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और इंटर कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण आधार से लिंक होगा। शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण आधार लिंक होने से शिक्षकों की नियुक्ति में फर्जीवाड़ा पर रोक लग सकेगी। खास कर वित्तविहीन स्कूलों में हो रही फर्जीवाड़े पर भी लगाम लगेगी। जनपद में 62 राजकीय, 52 अशासकीय सहायता प्राप्त, 180 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त सहित 254 माध्यमिक विद्यालय हैं। इन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों का आधार संख्या की सूची जमा कराने का निर्देश दिया गया है। डीआईओएस ने कहा कि आधार की सूची नहीं देने वाले विद्यालयों की मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रबंधक अथवा प्रधानाचार्य की होगी।