जमालपुर। सेमरा गांव के जले ट्रांसफार्मर को नहीं बदले जाने से सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ट्रांसफार्मर की शवयात्रा निकाली और जमालपुर-सेमरा मार्ग जाम कर दिया। चेतावनी दी कि तत्काल ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया उपकेंद्र पर तालाबंदी की जाएगी।
गांव वालों ने ट्रांसफार्मर के प्रतीक पुतले की शवयात्रा निकाली। तिराहे पर पहुंच कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और रास्ता रोक दिया। ग्रामीणों ने कहा कि सेमरा गांव का ट्रांसफार्मर महीने भर से जला हुआ है। विभाग के कंट्रोल रूम के नंबर पर शिकायत दर्ज कराई गई। क्षेत्रीय अवर अभियंता को भी सूचित किया गया। उसके बाद 11 अक्तूबर को नया ट्रांसफार्मर गांव में आया लेकिन कर्मचारियों ने उसे कहीं और भेज दिया। आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर लगाने के लिए गांव से पैसा वसूला था। तमाम ग्रामीणों ने पैसा नहीं दिया तो वे नाराज हो गए। ग्रामीणों से और पैसों की मांग की जा रही है। इस दौरान अंजेश मौर्या भन्टू मौर्या लक्ष्मी नारायण बहादुर यादव, श्रीपति कुशवाहा, बालि कौशल कुमार, काशीनाथ ,राजेश गुप्ता, गुड्डू इत्यादि लोग रहे।