मिर्जापुर। आयुक्त मुरली मनोहर लाल ने शु्क्रवार को पथरहिया स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सभी मंडलीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने जिलों का अवश्य भ्रमण करे। डीएम व सीडीओ से मिलते हुए किए गए निरीक्षण की एक प्रति संयुक्त विकास आयुक्त को उपलब्ध कराए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अंधता निवारण समीक्षा के दौरान प्रति सर्जन डाक्टर प्रतिमाह निर्धारित आपरेशन नहीं करने पर नाराजगी जताई और संयुक्त विकास आयुक्त को प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को सूचित करने को कहा।
मंडलायुक्त ने अंधता निवारण के अंतर्गत चश्मा वितरण न होने से नाराजगी जताते हुए लक्ष्य को जल्द पूरा करने कहा। उन्होंने 102 व 108 एंबुलेंस एंबुलेंस संचालन के तरीके पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से कहा कि वे निरीक्षण करें और लागबुक की पड़ताल करें। इस दौरान 14 वें राज्यवित्त आयोग के कामों भदोही व मिर्जापुर में सुस्त रफ्तारी पर नाराजगी जताई। राष्ट्रीय पेयजल स्वच्छता के तहत कहा कि पेयजल योजनाओं में तेजी लाकर पूर्ण किया जाए तथा पुरानी योजना जो आंशिक क्षमता पर चल रहे हो उन्हें पूर्ण क्षमता पर चलाने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे। जिलाधिकारी सोनभद्र प्रमोद कुमार उपाध्याय ने बताया कि जनपद में 455 विद्यालय में माध्यमिक में एक-एक अध्यापक है। मंडलायुक्त ने उपनिदेेशक बेसिक शिक्षा से जनपद के बाहर किसी भी अध्यापक का स्थानांतरण नहीं करने के लिए प्रमुख सचिव निदेशक बेसिक शिक्षा को पत्र लिखने को कहा। दिव्यांग, वृद्धावस्था तथा विधवा पेंशन के लाभार्थियों के खाते में समय से धनराशि भेजने, प्रधानमंत्री आवास के लक्ष्य को पूरा करने और बन रहे आवासों का सत्यापन कर दूसरी किश्त लाभार्थी के खाते में भेजने को कहा। आंगनबाड़ी भवन बनवाने और केंद्रों पर आने वाले पांच वर्ष के बच्चों का आधार कार्ड बनवाने में तेजी लाने को कहा। इस मौके पर तीनों जनपद के डीएम व प्रभारी डीएम, संयुक्त विकास आयुक्त राजीव बनकटा, आदि मौजूद रहे।