मिर्जापुर। विद्युत विभाग ने बुधवार को नगर में सरकारी गैर सरकारी संस्थानों के विद्युत बकाएदारों एवं चोरी से बिजली जलाने वालों के विरुद्घ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने जिला उद्यान अधिकारी, पालिटेक्निक कॉलेज, शिक्षा अधिकारी महुवरिया समेत कई बड़े सरकारी विभागों व गैर सरकारी संस्थानों की बिजली गुल की। चेताया कि अगले दो दिनों के अंदर जिनके बिल बकाया है वह तत्काल जमा करे अन्यथा उनकी लाइन काट दी जाएगी।
अधिशासी अभियंता यदुनाथ राम ने बताया कि बुधवार को नगर में चलाए गए अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीम ने नगर के तुलसी चौक, महुवरिया, बाजीराव कटरा, नरोईया, दुगौली, विंध्याचल, इंदी, किरतारतार, रानी चौकिया, मोर्चाघर, में विद्युत बकाएदारों के विरुद्घ सघन अभियान चलाया। इस दौरान पालिटेक्निक स्कूल, हीरो एजेंसी, सेवायोजन कार्यालय, रिलायंस जीओ, बीएसएनएल, टाटा टावर, एटीसी टावर, आईसीआईसीआई बैंक मिशन कंमाउंड, जिला उद्यान अधिकारी, शिक्षा अधिकारी महुवरिया समेत 211 बकाएदारों की बिजली काटी गई। बताया कि 324 बड़े बकाएदारों को बिल जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। चेकिंग के दौरान 56 उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन जारी किया गया है। अभियान के दौरान 34 लाख 29 हजार बकाया बिल वसूला गया। उन्होंने बताया कि जिनकी बिजली काटी गई है उनकी दोबारा जांच की जाएगी। अगर उन्होंने बिना बिल जमा किए और बगैर किसी अधिकारी के अनुमति के अपने कनेक्शन जोड़वाए होंगे तो उनके विरुद्घ विद्युत चोरी में मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा।