मिर्जापुर। अखिल भारतीय किसान महासभा के तत्वावधान में किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया गया। किसानों ने अपनी समस्या का निराकरण नही होने पर रोष जताया। जिला सचिव भक्त प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि किसानों को मुफ्त बिजली व पानी दिया जाए। साथ ही बटाईदार किसानों का रजिस्ट्रेशन कराया जाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अधिकांश गरीब परिवार योजना के लाभ से वंचित हैं, गरीबों को अनाज का वितरण कराया जाए साथ ही अपात्रों का चयन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्राकृतिक आपदा और बाढ़ से गिरे मकानों व फसलों के नुकसान का मुआवजा का वितरण कराया जाए। किसानों को आलू का संग्रहण करने में परेशानी हो रही है इसलिए कैलहट चुनार में सरकारी शीतगृह का निर्माण कराया जाए। नंदलाल बियार ने कहा कि किसानों और टोल प्लाजा से संबंधित जिलाधिकारी से हुई त्रिपक्षीय वार्ता को चालू कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा की जमीनों को चिन्हित किया जाए और भूमिहीनों केे दिया जाए। उन्होंने कहा कि लालगंज के तुलसी में बारिश में गिरे मकानों के वितरण में अनियमितता बरती गई है, पात्रों को वितरण कराया जाए। नेता जीरा भारती के हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ओम प्रकाश भारती ने कहा कि छुट्टा पशुओं को रखने की व्यवस्था की जाए, जिससे किसानों की फसलों का ऩुकसान नही हो सके। साथ ही किसानों के कर्जमाफी की विसंगतियों को दूर किया जाए। सुरेश कोल ने कहा कि खेती के कार्यों को भी मनरेगा से जोड़ा जाए और वर्ष भर ग्रामीणों को मनरेगा से काम दिया जाए। उन्होंने कहा कि हाई टेंशन बिजली के खंभों और तारों के नीचे की जमीनों का सर्वे कराया जाए। विस्तार की गई रेलवे लाइनों और सड़कों से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए साथ एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी मिले। इस दौरान आशाराम भारती, राजाराम यादव, ओम प्रकाश पटेल, शांति कोल, जीरा भारती आदि मौजूद रहे।