मिर्जापुर। नंदन कानन एक्सप्रेस में सफर करते समय एक महिला को इटावा रेलवे स्टेशन के पास जहरखुरान ने नशीला लड्डू खिलाकर उसका बच्चा चोरी कर लिया। बृहस्पतिवार की देर रात जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच के लिए केस को इटावा जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया गया। जीआरपी प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि अलीगढ़ के कोअरची थाना क्षेत्र के धोरा निवासी मुन्नी अंसारी ने बताया कि मायके कोडरमा जाने के लिए बृहस्पतिवार की रात नंदन कानन एक्सप्रेस पकड़ने के लिए अलीगढ़ स्टेशन आई थी। उसके साथ एक युवक भी ट्रेन में चढ़ा था। उसने बताया कि उसे गया तक जाना है। युवक ने उसे इटावा में लड्डू निकाल कर खाने को दिया। लड्डू खाने के बाद वह बेहोश हो गई। ट्रेन जब प्रयागराज स्टेशन से आगे निकली तो उसे होश आया। उसने देखा कि उसका 10 माह का बच्चा नहीं है। बोगी के यात्रियों से पूछने पर बताया कि जो युवक उसके पास बैठा था, वही बच्चे को लेकर ट्रेन रुकने पर उतर गया। रात में मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर महिला ने जीआरपी थाने में तहरीर दी। महिला की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। मामला इटावा रेलवे स्टेशन का है तो केस को वहां स्थानांतरित कर दिया गया। इटावा जीआरपी मामले की जांच करेगी।