लालगंज। उपरौध अधिवक्ता समिति के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। वहीं अध्यक्ष पद से सूर्य प्रताप सिंह ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। अध्यक्ष पद पर अब चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। अध्यक्ष पद के लिए कैलाश पति त्रिपाठी, केदारनाथ शुक्ला, हृदय शंकर चतुर्वेदी और राजेंद्र प्रसाद मौर्य के बीच सीधा मुकाबला तय माना जा रहा है। नामांकन वापसी के बाद तहसील परिसर में चुनावी हलचल तेज हो गई है और प्रत्याशी अधिवक्ताओं के बीच जनसंपर्क में जुट गए हैं। वहीं सचिव पद पर मुकाबला और भी रोचक हो गया है। इस पद के लिए उमाशंकर सिंह पटेल, गोविंद नारायण वर्मा, दिलीप चंद्र दुबे, मुन्ना यादव और धर्मेंद्र पाल के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। पांच प्रत्याशियों के मैदान में रहने से सचिव पद पर कड़ी टक्कर होने के आसार हैं। निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार दुबे, अनिल कुमार मौर्य और जयप्रकाश दुबे ने बताया कि मतदान 24 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।