मेरठ में एसटीएफ से मुठभेड़ में मारा गया एक लाख का इनामी बदमाश जुबैर पुत्र रफतउल्ला अलीगढ़ के गांव नौशा का रहने वाला था। फिलहाल वह शाहीन बाग दिल्ली में रह रहा था। वह कुख्यात मुनीर गिरोह का सक्रिय सदस्य था। उसके विरुद्ध हत्या, लूट एवं डकैती जैसे दो दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज थे। उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली के विभिन्न थानों में भी उसके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत थे। उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर बड़ी ही बेरहमी से अलीगढ़ में एएमयू के शिक्षक दानिश हिलाल की गोलियां से भूनकर हत्या की थी। उसी मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी।
बदमाश की फाइल फोटो और मौके पर मिली बाइक व पिस्टल।
- फोटो : अमर उजाला
ऐसे की थी दानिश हिलाल की हत्या
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में स्थित प्रतिष्ठित अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के परिसर में 24 दिसम्बर 2025 की रात सनसनीखेज वारदात हुई थी। एबीके यूनियन हाई स्कूल (एबीके बॉयज स्कूल) में कंप्यूटर विज्ञान के शिक्षक राव दानिश अली (45) की नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना लाइब्रेरी के पास स्थित कैंटीन क्षेत्र में उस समय हुई, जब दानिश अली अपने दो साथियों के साथ रोजाना की तरह शाम की सैर पर थे। दो हमलावर स्कूटी पर सवार होकर आए थे। राव दानिश अली 2015 से इसी स्कूल में पढ़ा रहे थे। वे एएमयू के पूर्व छात्र रह चुके थे और परिवार का गहरा नाता यूनिवर्सिटी से था।
मूल रूप से डिबाई के थे राव दानिश
राव दानिश अली मूल रूप से डिबाई क्षेत्र (बुलंदशहर) के रहने वाले थे। उनका परिवार कई दशकों से अलीगढ़ की अमीर निशा मक्खन वाली कोठी के पास रहता है। उनकी मां एएमयू में शिक्षक और पिता एएमयू में कर्मचारी रहे हैं। एएमयू में ही पढ़ाई के बाद खुद राव दानिश अली को भी एबीके बॉयज स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक की नौकरी मिल गई थी। उनके भाई भी एएमयू इंजीनियरिंग विभाग में शिक्षक हैं। उनके ससुर डा. मोहम्मद उल्लाह चौधरी मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक रहे हैं।
ये भी देखें...
UP: मेरठ में एक लाख का इनामी जुबैर ढेर, अलीपुर में पुलिस ने किया एनकाउंटर, एएमयू शिक्षक की हत्या में था वांछित