लखनऊ और प्रयागराज के लिए मेरठवासियों का हवाई उड़ान का सपना जल्द पूरा होता नजर आ रहा है। मंगलवार को खुली बिड़ में जूम एयरवेज ने मेरठ से उड़ान में रुचि दिखाई है। अब इस एयरवेज कंपनी की बिड़ की तकनीकी और वित्तीय समीक्षा कर बुधवार को सफल बिड की सूची जारी की जाएगी। मेरठ के भाजपा नेताओं ने इस सफल बिड की सूची में मेरठ के शामिल होने का दावा किया है।
जेवर में हवाई अड्डा निर्माण तय होने के बाद मेरठ से हवाई उड़ान की उम्मीद पूरी तरह क्षीण हो चुकी थी। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में क्षेत्रीय उड़ान की योजना लागू कर इस उम्मीद को फिर से जिंदा कर दिया। लेकिन तीन बार डाली गई बिड में मेरठ का नाम न आने पर लगातार उम्मीद टूटती गई।
इसके बाद 8 फरवरी को डाली गई 3.1 बिड में मेरठ का नाम शामिल कर लिया गया। जिसमें मेरठ से लखनऊ और प्रयागराज की उड़ान का रूट तय करते हुए एयरलाइंस कंपनियों को बिड के लिए आमंत्रित किया गया।
22 फरवरी तक डाली गई बिड़ मंगलवार को खोली गई। जिसमें मेरठ से उडान के लिए जूम एयरवेज ने अपनी बिड डाली है। हालांकि अभी रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम को देख रहे अधिकारी और एएआई के अधिकारी इस बिड़ की तकनीकी व वित्तीय समीक्षा कर बुधवार को सफल बिड की सूची जारी करेंगे। इसके बाद ही तय होगा कि मेरठ से हवाई उड़ान होनी है या नहीं।
इस मामले में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि लगातार सभी के प्रयास से मेरठ हवाई उड़ान के इतने नजदीक पहुंचा है। अब इसे दूर नहीं जाने देंगे। दोनों ने दावा किया कि मेरठ का नाम निश्चित रुप से सफल बिड में आएगा, यदि कहीं कोई कमी है तो प्रदेश सरकार के माध्यम से उसे दूर कराया जाएगा। मेरठ से हवाई उड़ान में लगभग चार माह लगेंगे।
सफल बिड की सूची जारी होते ही काम होगा शुरू
यदि मेरठ बुधवार को जारी सफल बिड की सूची में शामिल हो जाता है, तो डॉ. भीमराव आंबेडकर हवाई पट्टी पर काम शुरू हो जाएगा। इसमें रनवे की मरम्मत के साथ ही कंट्रोल रूम, सुरक्षा और अग्निशमन आदि की व्यवस्था सबसे पहले की जाएगी। इसके बाद रनवे विस्तार आदि का काम भी होगा।