हवाई उड़ान के लिए लोकसभा चुनाव आचार संहिता से पहले ही मेरठ को तोहफा मिलना तय हो गया है। मंगलवार को जहां जूम एयरवेज के प्रस्ताव को नागरिक उड्डयन विभाग के संयुक्त सचिव ने स्वीकृत कर फाइल सचिव के यहां भेज दी है। वहीं, दो दिन के भीतर मंत्री स्तर से भी फाइल ओके होने की बात कही जा रही है।
मेरठ से हवाई उड़ान का सपना अब पूरा होने जा रहा है। भाजपा की केंद्र सरकार के अंतिम समय में मेरठ से हवाई उड़ान की स्वीकृति लगभग मिल चुकी है। बिड 3.1 के तहत मेरठ के लिए जूम एयरवेज ने बिड डाली थी, जिसे स्वीकृत कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार ज्वाइंट सेक्रेट्री ने फाइल को स्वीकृत कर सचिव कार्यालय भेज दी है। आने वाले दो दिन में सचिव और मंत्री स्तर से भी इस फाइल को ओके कर दिया जाएगा। क्योंकि 8 मार्च को लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने की बात कही जा रही है। ऐसे में 7 मार्च को ही मेरठ से हवाई उड़ान पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी और जूम एयरवेज को पत्र जारी कर दिया जाएगा।
अगले सप्ताह आएगी टीम
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि उनकी मंगलवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन विभाग और प्रदेश के डीजी सिविल एविऐशन से बात हुई है। जिसमें बताया गया कि अगले सप्ताह जूम एयरवेज, डीजीसीए और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तकनीकी टीम हवाई पट्टी का निरीक्षण करने आएगी। वहीं, प्रदेश सरकार की तरफ से जिलाधिकारी के साथ तहसीलदार आदि रहेंगे। यह टीम मौके पर पैमाइश कर बताएगी कि 50 सीटर उड़ान के लिए हवाई पट्टी तैयार करने के लिए कितनी जमीन की जरूरत पड़ेगी। इसके आधार पर जमीन खरीदी जाएगी। माना जा रहा है कि यह काम मार्च माह में ही निपटा दिया जाएगा।
पहले चरण में सिर्फ हवाई पट्टी के लिए जमीन
फिलहाल हवाई उड़ान के लिए जो प्लान तैयार हो रहा है, उसमें सिर्फ हवाई पट्टी के लिए जरूरी जमीन ही खरीदी जायेगी। प्रथम चरण में यह जमीन खरीदकर हवाई उड़ान शुरू कर दी जाएगी। हवाई उड़ान के लिए हवाई पट्टी पर जो वर्तमान में टर्मिनल है, फिलहाल उसी से काम चलाया जाएगा। जबकि कंट्रोल रूम अस्थायी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा, एंबुलेंस और अग्निशमन की व्यवस्था जिला प्रशासन करेगा।