सरधना। दौराला निवासी 22 वर्षीय समीर पुत्र मैराजुद्दीन शनिवार दोपहर घर से स्कूटी लेकर निकले लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। रविवार की सुबह परिजन और ग्रामीण युवक की तलाश में सरधना गंगनहर पुल पर पहुंचे। वहां उसकी स्कूटी पुल के किनारे खड़ी मिली। गंगनहर में कूदने की आशंका से उसकी गोताखोरों से तलाश कराई जा रही है।
परिजनों ने बताया कि समीर अक्सर अकेला समय बिताना पसंद करता है। शनिवार को वह स्कूटी लेकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां उसकी तलाश की लेकिन सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंगनहर में लगातार सर्च ऑपरेशन शुरू किया। परिजन ने निजी गोताखोरों की मदद से गंगनहर में युवक की तलाश शुरू कराई।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गंगनहर के आसपास और संभावित स्थानों पर गश्त और तलाशी जारी रखेगी। परिजनों ने पुल पर स्कूटी मिलने से यह आशंका जताई है कि युवक गंगनहर में कूद सकता है। परिवार और ग्रामीण उसकी सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।