- पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के खटीकपुरा फाजलपुर में शनिवार रात घर के बाहर बैठे युवक पुष्पेंद्र, उसके भाई पिंटू व उसकी भाभी काजल पर दो आरोपी जावेद व फकीरा ने हमला कर दिया। चोट लगने से तीनों घायल हो गए। आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खटीकपुरा फाजलपुर निवासी पिंटू चौधरी ने रविवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 25 जुलाई की रात करीब 10 बजे उसका भाई पुष्पेंद्र घर के बाहर बैठा हुआ था। पड़ोस के जावेद और रहीम ने बिना वजह उसके साथ गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक पर हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर पिंटू अपने भाई को बचाने के लिए बाहर आया तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान महिला बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके पेट में लात मार दी। हमले के बाद मौके पर पड़ोसियों की भीड़ एकत्र हो गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया था।
सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।