फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक को गोलियों से भूना, पांच घंटे रहा जाम, तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
मवाना (मेरठ)। पलड़ा गांव में रविवार शाम बाइक सवार दो हमलावरों ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विशु को गोलियाें से भून दिया। परिजन उसे लेकर मवाना सीएचसी में पहुंचे, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को मवाना-हस्तिनापुर रोड पर थाने के तिराहे पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हत्यारोपी दूसरे समुदाय के हैं। इनके साथ होली पर झगड़ा हुआ था। तब से रंजिश चल रही है। शाम सात बजे से रात 12 बजे तक जाम लगा रहा।
विज्ञापन

हंगामे का पता चलने पर एसएसपी रोहित सजवाण, एसपी देहात कमलेश बहादुर, एसपी क्राइम समेत कई थानों की फोर्स पहुंची। वहीं, ग्रामीणों ने दूसरे समुदाय के एक युवक की स्कूटी में तोड़फोड़ कर दी। आईजी नचिकेता झा ने भी देर रात गांव में पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर जांच के निर्देश दिए। देर रात मामले में पलड़ा गांव के प्रधान गजेंद्र समेत दूसरे समुदाय के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। करीब पांच घंटे बाद जाम खोला गया।
पलड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय विशु मवाना में कोचिंग करता था। शाम करीब छह बजे वह अपने चचेरे भाई मनीष के साथ गांव के ही प्राइमरी स्कूल के मैदान में खेलने के लिए चला गया। दोनों दीवार पर बैठे थे। तभी बाइक सवार नकाबपोश हमलावर आए। उन्होंने विशु पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और फरार हो गए। बाद में परिजन घायल को मवाना सीएचसी लेकर गए। यहां विशु की मौत के बाद शाम करीब सात बजे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव तिराहे पर रखकर जाम लगा दिया।
विज्ञापन

एसपी देहात कमलेश बहादुर और एसपी क्राइम अनित कुमार सहित अन्य ने पहुंचकर अधिकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण सुनने को तैयार नहीं थे। उन्होंने कहा कि दूसरे समुदाय के हत्यारोपी नहीं पकड़े गए तो वह जाम भी नहीं खोलेंगे। ग्रामीणों ने विशू के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एक करोड़ रुपये मुआवजा और आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई की मांग की। देर रात एसएसपी रोहित सजवाण और एडीएम प्रशासन अमित कुमार भी पहुंच गए। इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख हस्तिनापुर नितिन पोसवाल, ब्लाॅक प्रमुख मवाना के पति डाॅ. योगेश प्रधान, भाजपा नेता आकाश गुर्जर आदि ने लोगों को समझाया। इसके बाद रात 12 बजे जाम खोला गया।
0000
आंखों के सामने मार दिया मेरा बेटा : रामबीर
विशु के पिता रामबीर ने थाने में तहरीर दी है। इसमें बताया कि ग्राम प्रधान गजेंद्र उसके बेटे से रंजिश रखता था। पहले भी उसने विशु को मारने की धमकी दी थी। शाम करीब छह बजे विशु खेलने के लिए स्कूल के मैदान में पहुंचा। तभी वहां पर दूसरे पक्ष से अनस, अशफल, शाहनजीम, अकरम और मोहम्मद कैफ पहुंचे। उन्होंने विशु पर गोलियां बरसा दीं। आंखों के सामने ही मेरे बेटे को मौत के घाट उतार दिया गया।
0000
कई बार हुई बवाल की स्थिति
जाम के समय एक व्यक्ति उठकर थाने में चला गया। तभी किसी ने अफवाह उड़ा दी कि पुलिस उसे उठाकर ले गई। इसके बाद काफी संख्या में लोग थाने में पहुंच गए और हंगामा करने लगे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वह किसी को उठाकर नहीं लाए हैं। व्यक्ति खुद थाने में आकर बैठा है, जिसे भीड़ फिर से अपने साथ लेकर चली गई।
0000
होली पर हुआ था टकराव, पुलिस ने बरती लापरवाही

हस्तिनापुर। पलड़ा गांव में दो समुदाय के बीच पहले से ही विवाद चल रहा है। पिछले एक महीने की घटनाओं पर नजर डाली जाए तो पलड़ा गांव में मार्च के महीने में ही दो बार बड़े विवाद हुए, जिसमें दर्जनों लोग घायल हुए हैं। आठ मार्च को होली के दिन भी रास्ते में बुग्गी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद 29 मार्च को एक बार फिर दोनों पक्षों में टकराव हो गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिसका खामियाजा विशु को अपनी जान देकर गंवाना पड़ा। इस हत्याकांड के बाद अब गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
0000
परिवार में था इकलौता बेटा

हस्तिनापुर। विशु परिवार में इकलौता बेटा था। जिसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नंगली गांव में हुई थी। विशु की पांच महीने की बेटी है। ग्रामीणों ने बताया कि विशु पढ़ने-लिखने में बहुत होशियार था।
वर्जन
इस मामले में छह लोग नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। ग्राम प्रधान समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों को भी जल्दी पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन

- रोहित सजवाण, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें