रियलिटी शो का ऑडीशन देने निकला युवक संदिग्ध हालात में लापता हो गया, जबकि उसका साथी लौट आया। रविवार सुबह परिजन लौटे साथी से मिले। इसके बाद बेटे को तलाशने कोलकाता रवाना हो गए।
जागृति विहार सेक्टर-5 निवासी विशाल शर्मा (18) पुत्र सोमित्र शर्मा 20 सितंबर को तहसील जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं आया। परिजन तलाश करते हुए उसके दोस्त कालियागढ़ी निवासी अमन शर्मा के घर पहुंचे। अमन भी घर पर नहीं मिला। परिजनों ने मेडिकल थाने में दोनों की गुमशुदगी दर्ज करा दी। परिजनों को उनके अन्य दोस्तों से पता चला कि वह कोलकाता में होने वाले रियलिटी शो का ऑडीशन देने की बात कर रहे थे। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं
शनिवार रात अमन शर्मा घर लौट आया। अमन ने विशाल के परिजनों को बताया कि वह इलाहाबाद तक साथ थे। इसके बाद वह लौट आया और विशाल आगे निकल गया। परिजनों ने बताया कि विशाल घर से नकदी और करीब चार तोला सोना भी ले गया है। रविवार शाम विशाल के परिजन अमन को साथ लेकर कोलकाता रवाना हो गए। विशाल के पिता सोमित्र ने बताया कि कि बेटे का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। इंस्पेक्टर मेडिकल प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों युवकों की गुमशुदगी दर्ज है। एक युवक लौट आया है। फिलहाल परिजन अपने स्तर से विशाल को ढूंढ रहे हैं।