पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र की हापुड़ चुंगी पर कुछ युवकों ने सड़क किनारे खड़े काजीपुर निवासी हिमांशु भड़ाना पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को सड़क पर गिराकर पीटा। पिटाई का वीडियो एक युवक ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। बुधवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
काजीपुर गांव निवासी हिमांशु भड़ाना सोमवार को किसी काम से हापुड़ चुंगी पर आया था। इस दौरान वह सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहा था। आरोप है कि आरोपी युवक उसके पास आए। आरोपियों ने बिना वजह उसके मारपीट कर दी। पीड़ित ने भागने का प्रयास किया। इसी बीच हमलावरों ने उसे सड़क पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया।
हमले के दौरान सड़क पर भीड़ एकत्र हो गई। एक युवक ने हमले का वीडियो बना लिया। वीडियो कुछ राहगीर हमलावरों को हटने के लिए कह रहे हैं। मगर हमलावर युवक को पीटने पर लगे हुए हैं। पिटाई के कारण युवक घायल हो गया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
बुधवार को पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
-