संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना क्षेत्र के पूठखास गांव में 20 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने गंगनहर में छलांग लगा दी। मौके पर तैनात पुलिस और गोताखोरों की तत्परता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोहटा में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पूठखास निवासी लोकेश का रविवार दोपहर गांव के कुछ दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान 20 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर लोकेश वहां से भागकर गंगनहर पुल पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल पर तैनात पुलिसकर्मी उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इससे पहले कि पुलिस उसे रोक पाती, उसने गंगनहर में छलांग लगा दी।
पुलिस ने तत्काल गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया और कुछ ही देर में युवक को पानी से बाहर निकाल लिया। युवक बेहोशी की हालत में मिला, जिसके बाद पुलिस उसे सरकारी वाहन से सीएचसी रोहटा लेकर पहुंची। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया और प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोस्तों के बीच मामूली विवाद के बाद युवक द्वारा यह कदम उठाने की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।