- इलाज के दौरान चार सितंबर को सफदरजंग अस्पताल में हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ)। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर नंगली गेट चौराहे के पास तेज रफ्तार बुलेरो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल गाजियाबाद निवासी सुनील ने करीब 18 दिन तक चले उपचार के दौरान चार सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर बुलेरो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है।
गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव रावली कलां निवासी सुनील कुमार अपनी पत्नी सरेम के साथ 17 अगस्त को बाइक से खतौली के निकट गांव फुलत में अपनी बहन राधा की कोथली देने गए थे। तहरीर के अनुसार दंपती बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। वह दिल्ली-हरिद्वार रोड पर नंगली गेट चौराहे के पास पहुंचे तो सामने से तेज गति और लापरवाही से आ रही बुलेरो ने विपरीत दिशा में जाकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में सुनील कुमार और उनकी पत्नी सरेम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
सुनील की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में लेकर गए। बाद में उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चार सितंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई का कहना है कि हादसे के बाद परिवार सुनील के उपचार में व्यस्त था। इसी कारण घटना के संबंध में तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। चार सितंबर को सुनील की मौत के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार के कार्य किए। इसके बाद परिजन सोमवार को दौराला पुलिस के पास पहुंचे और बुलेरो चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।