- 15 सितंबर को ट्रक ने बाइक को मारी थी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। सड़क हादसे में घायल युवक लोकेश की मेरठ के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल मोदीपुरम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव तिगरी निवासी सोकेन्द्र ने मवाना थाने में दी तहरीर में बताया कि वह 15 सितंबर को अपने भाई लोकेश के साथ मोटरसाइकिल से मवाना आवश्यक कार्य से आ रहा था। फलावदा बाईपास मोड़ से आगे खेड़ी मार्ग पर ईंट भट्ठे के पास वह पेशाब करने के लिए रुके थे। लोकेश मोटर साइकिल पर ही बैठा हुआ था, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए खड़ी मोटर साइकिल में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से ट्रक का पहिया लोकेश के पैर व शरीर के हिस्से पर चढ़ गया, जिससे वह लहूलुहान होकर बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से सोकेन्द्र ने घायल भाई को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह लोकेश की मौत हो गई।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि लोकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक व ट्रक की पुलिस तलाश कर रही है।