- दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, 16 अगस्त से लापता था सरवर
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव बस्तौरा नारंग से 16 अगस्त से लापता चल रहे सरवर (38) पुत्र वकील का शव हापुड़ जनपद के गांव नानपुर के जंगल में मिला है। परिजनों ने हापुड़ मोर्चरी पहुंचकर शव की शिनाख्त की। मृतक के भाई रुस्तम की तहरीर पर सोमवार को हस्तिनापुर थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
तहरीर में रुस्तम ने बताया कि उसका भाई सरवर 16 अगस्त को अपने साथी गांव कोठरा निवासी राहुल के साथ घर से गया था। सरवर कैराना में भी रहता था, इसलिए परिजनों को लगा कि वह कैराना गया होगा। इसी बीच दो दिन पहले सरवर के दोस्त की कॉल आई कि उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है। रुस्तम के अनुसार, 16 अगस्त को सरवर से फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान उसने बताया था कि कुछ लोगों ने उसे पकड़ रखा है। परिजनों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और समझा कि वह नशे में होने के कारण ऐसी बातें कर रहा है।
दो दिन पहले परिजनों को सोशल मीडिया के माध्यम से हापुड़ के नानपुर गांव में रजबहे किनारे अज्ञात शव मिलने की जानकारी हुई। उन्होंने हस्तिनापुर पुलिस से संपर्क किया। पुलिस से जानकारी मिलने के बाद परिजन हापुड़ मोर्चरी पहुंचे, जहां शव की शिनाख्त सरवर के रूप में की।
सोमवार को रुस्तम ने थाना हस्तिनापुर में तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद किया है। आरोप है कि उक्त लोगों ने सरवर को घर से बुलाकर उसकी हत्या की है। इनमें से एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि मृतक के भाई रुस्तम की तहरीर पर नजाकत और राहुल के खिलाफ हत्या प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-