सरधना। नवाबगढ़ी गांव में मंगलवार देर रात गैस सिलिंडर लेकर नीचे उतर रहा युवक छत में बने खुले जाल से नीचे गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया।
नवाबगढ़ी निवासी शकील का पुत्र शाहरुख मंगलवार रात छत पर रखा गैस सिलिंडर लेकर नीचे आ रहा था। छत में जाल लगा हुआ है, जो उस समय खुला था। बताया गया कि जल्दबाजी में शाहरुख की नजर खुले जाल पर नहीं पड़ी और वह सिलिंडर समेत नीचे गिर गया। हादसे में उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं हैं। युवक के गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में शाहरुख को सरधना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार शाहरुख की हालत चिंताजनक बनी हुई है।