माछरा। गांव हसनपुर कलां में दो बाइकों के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में गांव निवासी युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल हो गया।
पुलिस चौकी क्षेत्र माछरा के अंतर्गत हसनपुर कलां निवासी सनी (24) पुत्र स्वर्गीय महेश चंद अपने घर से बाइक लेकर निकला था। मेरठ-गढ़ मार्ग पर घर से थोड़ी दूर चलते ही एक बाइक से टकरा गया। दूसरी बाइक पर हैंडपंप ठीक कराने वाले मिस्त्री सवार थे। उनकी बाइक पर हैंडपंप मशीन रखी थी, जो कि सनी के सिर में लगी। इससे सनी का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। दूसरी बाइक पर सवार युवक भी हो गया। घायलों को चिकित्सकों के पास ले जाया गया, जहां सनी को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के ताऊ जयवीर सिंह ने बताया कि सनी के पिता महेशचंद की कई साल पहले बीमारी के कारण मृत्यु हो गयी थी। इनकी माता सुमन देवी ही इनका पालन पोषण कर रही थी। सनी तीन भाइयों में मंझला था। दो बहनों की शादी हो चुकी है। हादसे में सनी की मौत होने से परिजनों का रोकर बुरा हाल हो गया। माता सुमन देवी बेटे की मौत के गम में बार-बार बेहोश हो रही थी। उन्हें काफी देर में होश आया। सनी अभी अविवाहित था।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
सनी जब बाइक लेकर घर से निकला तो उसके पास हेलमेट नहीं था। चिकित्सक के अनुसार हैंडपंप मशीन सिर में लगने के कारण उसका काफी रक्त बह गया। इस कारण उसकी मौत हो गई। यदि मृतक सनी ने हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी।