हस्तिनानुर में मुख्य मार्ग पर शव रखकर दो घंटे लगाया जाम
सीओ पंकज लवानिया के आश्वासन पर परिजनों ने खोला जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के गांव सैफपुर कर्मचंदपुर के समीप सोमवार दोपहर गन्ना लादने वाले लोडर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान तपराज (29) पुत्र जयपाल की मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने हस्तिनापुर में मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर कई थानों की पुलिस बुलानी पड़ी। सीओ के आश्वासन पर परिजनों ने जाम खोला।
परिजनों ने बताया कि सोमवार की दोपहर तपराज बाइक पर पाली गांव से हस्तिनापुर सामान खरीदने जा रहा था। वह सैफपुर कर्मचंदपुर गांव के पास स्थित गन्ना क्रय केंद्र के निकट पहुंचा तो वहां सड़क किनारे खड़े ट्रक में लोडर से गन्ना लादा जा रहा था। इसी दौरान लोडर के चालक ने लापरवाही से तेज गति में लोडर का पंजा घुमा दिया, जो सड़क से गुजर रहे तपराज की छाती में जाकर लगा। टक्कर लगते ही तपराज बाइक से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव ले जाया जा रहा था, तभी नगर के मुख्य मार्ग पर शव रखकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। बरसात के बीच भी परिजन व ग्रामीण तिरपाल लगाकर धरने पर डटे रहे। मौके पर भारी भीड़ जमा होने पर कई थानों की पुलिस बुलानी पड़ी। जाम लगा रहे परिजनों ने मृतक की पत्नी को नौकरी व परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशांक द्विवेदी, सीओ पंकज लवानिया ने परिजनों से बातचीत की। इसके करीब दो घंटे बाद सीओ के आश्वासन पर जाम खुल सका।
सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि लोडर को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से भाग गया था, जिसकी तलाश जारी है। परिजनों की तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी और बेटी का रोकर बुरा हाल
मृतक तपराज तीन भाइयों में मझला था। उसकी पत्नी रूप और चार साल की बेटी वाणी है। मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति परिवार का पालन पोषण करते थे। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है।
मृतक का शव रखकर जाम लगाते परिजन और ग्रामीण स्रोत संवाद- फोटो : छिंगावल बाग पर धरना देते हुए बैंककर्मी। संवाद
मृतक का शव रखकर जाम लगाते परिजन और ग्रामीण स्रोत संवाद- फोटो : छिंगावल बाग पर धरना देते हुए बैंककर्मी। संवाद