दौराला। बड़कली गांव निवासी गांधी ने गांव के ही दो लोगों पर चोरी का आरोप लगाकर पीटने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है।
गांधी के अनुसार वह बुधवार को गांव में अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही दो लोग वहां पहुंचे और उस पर चोरी करने का आरोप लगाने लगे। उसने आरोपों को गलत बताते हुए विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए उसे पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि मारपीट में उसे चोटें आईं हैं। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी वहां से चले गए। घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचा और दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। गांधी ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।