युवक को सरे राह बेल्ट से पीटा, वीडियो वायरल
मेरठ। कंकरखेड़ा में एक दबंग ने एक युवक को सरे राह बेल्ट से जमकर पीटा। युवक अपने आप को बचाने की पूरी कोशिश करता रहा। लेकिन आरोपी उसे पीटता रहा। इस दौरान आसपास के लोग भी तमाशबीन बने रहे। वीडियो वायरल होने के बाद कंकरखेड़ा पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मामला कंकरखेड़ा के आंबेडकर रोड पर शांति विवाह मंडप के निकट स्कूटी सवार को साइड न देने पर विवाद हुआ। जिसमें स्कूटी सवार दबंग ने दूसरे युवक को बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान एक युवक मारपीट का वीडियो बनाता रहा। जबकि अन्य लोग वहीं खड़े रहे। आरोपी युवक लगातार बेल्ट से युवक की पिटाई करता रहा और वहां खड़े लोग तमाशा देखते रहे। आरोपी ने एक मिनट में 20 से अधिक बार युवक पर बेल्ट से वार किए। बाद में एक युवक ने आरोपी को अलग किया। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा ने कहा कि आरोपी की तलाश की जा रही है।