नेशनल हाईवे पर दौराला थाने सामने हुई घटना, पुलिस ने युवक का हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दौराला कस्बे की बंगला कॉलोनी निवासी चिराग (27) ने बृहस्पतिवार को हाईवे पर सहारनपुर डिपो की आगरा जा रही रोडवेज बस के आगे लेटकर आत्महत्या का प्रयास किया। चालक की सूझबूझ और तत्परता से बस को मोड़ देने के कारण युवक की जान बच गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को थाने ले आई।
दौराला के वार्ड-6 स्थित बंगला कॉलोनी निवासी चिराग बृहस्पतिवार दोपहर दौराला थाने के सामने दिल्ली देहरादून हाईवे पर पहुंचा। इसी दौरान आगरा जा रही सहारनपुर डिपो की बस आ रही थी। बस को नजदीक आता देख चिराग अचानक सड़क पर लेट गया। बस चालक जाहिद ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत बस को मोड़ दिया, जिससे युवक बाल-बाल बचा। अचानक बस का कट लगने से यात्रियों में दहशत फैल गई, हालांकि कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद चालक जाहिद बस को लेकर सीधे दौराला थाने पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। कुछ देर बाद युवक की बहन समेत अन्य परिजन भी थाने पहुंच गए। परिजन युवक से लिपटकर रोने लगे, लेकिन युवक ने आत्महत्या का प्रयास करने के कारण के बारे में कुछ नहीं बताया। वहीं, परिजनों ने भी इस संबंध में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि युवक ने बस के सामने आकर आत्महत्या का प्रयास किया था। समय रहते बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस मोड़ दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। युवक से पूछताछ की जा रही है और परिजनों से भी जानकारी ली गई है।