-पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, तलाश में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सूरजकुंड पार्क में एक युवक पर छह से अधिक हमलावरों ने बेल्ट व लात-घुंसों से हमला कर दिया। युवक हमलावरों से छोड़ने की गुहार लगाता रहा। मगर हमलावर उसे पीटते रहे। बुधवार को पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
सूरजकुंड पार्क में एक युवक घूमने के लिए आया था। किसी बात को लेकर पीड़ित की हमलावरों से कहासुनी हो गई। इसके बाद हमलावरों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान पार्क में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ लोग घटना से बचने के लिए इधर-उधर जाते दिखाई दिए।
बुधवार को पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और इसकी जांच शुरू कर दी। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने के साथ ही मारपीट की असल वजह का भी पता लगाने में जुटी है। सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय ने बताया कि हमलावरों व पीड़ित की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
-पार्क में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सूरजकुंड पार्क में बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम घूमने और समय बिताने पहुंचते हैं। ऐसे में पार्क के भीतर युवकों के झुंड द्वारा एक युवक की पिटाई किए जाने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह मारपीट होने से वहां आने वाले लोगों में असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है।