यूपी टी-20 लीग : 26 जून से शुरू होंगे गोरखपुर लायंस के ट्रायल, काशी रुद्राक्ष ने भी खोले पंजीकरण
मेरठ मेवरिक्स की टीम के लिए 500 से अधिक ने दिया था ट्रायल
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। मेरठ मेवरिक्स की ओर से ट्रायल प्रक्रिया पूरी तक कर ली गई है। इसमें करीब 500 से अधिक खिलाड़ियों ने ट्रायल दिए। अब गोरखपुर लायंस की ओर से 26 जून से ट्रायल प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है। इसमें मेरठ से भी काफी संख्या में खिलाड़ी ट्रायल में भाग लेंगे।
यूपी लीग में मेरठ मेवरिक्स, लखनऊ फाल्कन, गोरखपुर लायंस, काशी रुद्राक्ष, नोएडा किंग्स और कानपुर सुपरस्टार टीम प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें मेरठ से भुवनेश्वर कुमार, समीर रिजवी, शुभ मिश्रा, रितुराज शर्मा, प्रशांत, ऋषभ गोयल, विनीत पंवार, प्रियम गर्ग समेत काफी संख्या में खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। अब टीमों की ओर से कई नए खिलाड़ियों की तलाश भी की जा रही है। इसे लेकर ट्रायल प्रक्रिया चल रही है।
बड़ी संख्या में कराया पंजीकरण
गोरखपुर लायंस की ओर से 26, 28 और 29 जून को ट्रायल लिए जाएंगे। 26 जून को गोरखपुर और अयोध्या में ट्रायल होंगे। इसमें प्रदेश के किसी भी जिले से खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके बाद 28 और 29 जून को नोएडा में ट्रायल होंगे। नोएडा में मेरठ से भी काफी संख्या में खिलाड़ी पहुंचेंगे। गढ़ रोड स्थित हर्ष गोयल ने बताया कि उन्होंने ट्रायल के लिए पंजीकरण कराया है। वह नोएडा में आयोजित ट्रायल में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा मेरठ से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। गोरखपुर के बाद अब पिछले सीजन की विजेता टीम काशी रुद्राक्ष की ओर से भी पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही ट्रायल की तिथियां भी टीम की ओर से जारी की जाएंगी। लखनऊ फाल्कन की ओर से भी जल्द ही पंजीकरण खोले जाएंगे।