- शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख भागा आरोपी, पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। एक गांव में युवती के साथ छेड़छाड़ और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने पर पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि सात नवंबर की शाम वह सरधना बाजार जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि गांव से बाहर पहुंचते ही आरोपी युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर अभद्रता की और अपने साथ चलने का दबाव बनाया। युवती ने आरोपी की हरकत का विरोध किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। इस पर पीड़िता ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी वहां से फरार हो गया।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।