फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: '16 घंटे पहले तक... खुदकुशी दिखाने के लिए पेड़ पर लटका दी लाश'; फिजियोथेरेपिस्ट की मौत मामले में नया मोड़

Sun, 25 Jan 2026 10:58 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, सहारनपुर

सार

यूपी के सहारनपुर जिले से दो दिन से लापता फिजियोथेरेपिस्ट युवती का शव पेड़ से लटका मिला है। परिजनों ने पड़ोसी युवक और उसके साथी पर हत्या करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को पेड़ से लटका दिया।
विज्ञापन
saharanpur suicide - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सहारनपुर के देवबंद के बीबीपुर गांव की अनुसूचित जाति की फिजियोथेरेपिस्ट रवीना (23) का शव चेतनपुरी गांव के खेत में जामुन के पेड़ से लटका मिला। वह दो दिन से लापता थी। परिजनों ने पड़ोसियों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों समेत ग्रामीणों ने हंगामा किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन


देवबंद थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी सोमपाल की बेटी रवीना ने कुछ समय पहले मेरठ के एक कॉलेज से फिजियोथेरेपी का कोर्स किया था। डिप्लोमा मिलने के बाद वह नगर में रेलवे रोड स्थित एक चिकित्सक के यहां प्रैक्टिस कर रही थी। 22 जनवरी की शाम चार बजे वह संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 

इसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार को दोपहर में रवीना का भाई रितेश और अन्य परिजन खोजते हुए घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित चेतनपुरी के खेतों में पहुंचे। वहां पर रवीना का शव पेड़ से लटका मिला।
विज्ञापन


चुनरी का फंदा गले में था। इसकी जानकारी होने पर लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पुलिस के साथ ही फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
Trending Videos

रवीना के भाई रितेश ने आरोप लगाया कि पड़ोसी युवक बहन को बहला-फुसलाकर ले गया था। उसने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को घटनास्थल पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया। इसके बाद शव को पेड़ से नीचे उतारा।

आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को पेड़ पर लटकाया
जिस पेड़ पर रवीना का शव मिला 16 घंटे पहले परिजन उसकी तलाश में उस स्थान पर पहुंचे थे, लेकिन उस समय पेड़ पर शव नहीं था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि शनिवार सुबह ही शव को वहां पर लटकाया गया है। यह आरोप मृतका के भाई रितेश कुमार ने लगाया। 

आरोप है कि आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया गया। रितेश कुमार ने बताया कि रवीना 22 जनवरी शाम चार बजे घर से लापता हुई थी। शुक्रवार देर शाम वह तलाश करते हुए इस स्थान पर पहुंचे थे, लेकिन उस समय पेड़ पर शव नहीं था। 
 

सवेरे वापस यहां पहुंचे तो शव पेड़ पर लटका मिला। पेड़ पर जहां फंदे बांधा गया वहां भी काफी मिट्टी लगी हुई थी। इससे साफ है कि बहन की हत्या कर शव को यहां लाकर लटकाया गया। जमीन से चार फीट ऊपर रवीना के पैर थे। 
 

ऊंचे पेड़ पर चढ़कर वह आत्महत्या नहीं कर सकती। आरोप लगाया कि पड़ोसी युवक ने अपने साथी की मदद से शव को पेड़ पर लटका दिया। रवीना बहुत ही खुशमिजाज थी और कोर्स पूरा करने के बाद वह बेहद खुश थी। 
 

इसके बाद उसने एक चिकित्सक के यहां प्रैक्टिस शुरू कर दी। मृतका रवीना के तहेरे भाई रवीश कुमार ने बताया कि चाचा प्लंबर हैं और उनके पास करीब चार बीघा कृषि भूमि भी है, जिस पर वह खेती करते हैं।
 

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला
रवीना के घर से जाने से लेकर उसका शव मिलने तक की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस जी जान से जुटी हुई है। पुलिस रवीना के घर के आसपास और पड़ोसी युवक के घर से घटनास्थल तक के बीच में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सीओ अभितेष सिंह का कहना है कि सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।

करीबियों को लेकर भी जांच कर रही पुलिस
फिजियोथेरेपिस्ट रवीना की मौत का मामला सुलझाने में लगी पुलिस वारदात में करीबियों के शामिल होने के बिंदु पर भी जांच कर रही है। इसके अलावा पुलिस रवीना और करीबियों की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि हर बिंदु की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि कहीं फिजियोथेरेपिस्ट को मारकर तो नहीं लटकाया गया।
 

प्रेम प्रसंग समेत सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच 
रवीना की मौत को लेकर पुलिस प्रेम प्रसंग समेत सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। हालांकि यह हत्या है या आत्महत्या इस पर पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट बताने की स्थिति में नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ हो पाएगा। 

 

मृतका के भाई ने पड़ोसी युवक पर बहन को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों की भी दबी जुबान पर प्रेम प्रसंग को लेकर चर्चाएं थीं, यदि यह प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला है तो फिर यह कहानी रवीना की मौत तक कैसी पहुंची। 

 
विज्ञापन

पुलिस के लिए यह जानना बेहद जरूरी है। जिस तरह रवीना के भाई ने उसकी मौत के बाद पड़ोसी युवक पर हत्या का आरोप लगाया, उससे यही प्रतीत होता है कि परिजनों को दोनों के बीच के संबंधों की जानकारी पहले से थी। सीओ देवबंद अभितेष सिंह का कहना है कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें