परीक्षितगढ़। परीक्षितगढ़-आसिफबााद मार्ग अनूप शहर शाखा लोधीपुरा नहर झाल पटरी पर संदिग्ध अवस्था में बाइक सहित युवक का शव पड़ा मिला। परिजनों ने शव की पहचान गांव सिखेड़ा निवासी कोशिंद्र (24) के रूप में की। पुलिस ने परिजनों द्वारा कार्रवाई से इन्कार करने पर पोस्टमार्टम के बाद शव को उन्हें सौंप दिया। गांव के श्मशान पर अंतिम संस्कार किया गया। मृतक शनिवार से लापता था।
गांव सिखेड़ा निवासी कोशिंद्र पुत्र राजबीर बीमार था। वह शनिवार दोपहर अपने गांव से परीक्षितगढ़ दवा लेने आया था, लेकिन शाम तक वापस नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी आसपास व रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह करीब 6:00 बजे परीक्षितगढ़-आसिफाबाद अनूप शहर शाखा नहर झाल की पटरी व वन विभाग की जमीन पर युवक का शव पड़ा देखा। शव के पास ही बाइक खड़ी थी। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, जहां गांव सिखेड़ा निवासी परिजनों ने उसकी पहचान कोशिंद्र के रूप में की। परिजनों ने बताया कि वह बीमार चल रहा था।
परिजनों ने पुलिस से बिना कानूनी कार्रवाई के शव को सौंपने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद कोशिंद्र के शव को परिजनों को सौंप दिया गया। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। मृतक कोशिंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से भाई रविंद्र, अमित उर्फ मोनू के अलावा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।