यूपी के सहारनपुर जनपद में खेत से लौट रही किशोरी को उसी की सहेली बहला फुसलाकर ले गई। आरोप है कि वहां सहेली के भाई ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
देवबंद क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी खेत से काम निपटाकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़ी गांव की ही उसकी सहेली उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गई। आरोप है कि सहेली ने अपने घर के पास में स्थित खेत में पहले से मौजूद अपने भाई के पास उसे छोड़ दिया। जहां उसके भाई ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने शोर मचाया तो आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। जिसके बाद किशोरी ने परिजनों को घटना की बाबत जानकारी दी। बाद में परिजन पुलिस के पास पहुंचे और तहरीर देते हुए आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई।