मेरठ। सदर बाजार के आबूलेन केनरा बैंक के पास महिला से प्रेमप्रसंग को लेकर एक युवक को दौड़ाकर लाठी डंडों से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन ने अस्पताल में भर्ती कराया। सदर बाजार थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
आबूलेन केनरा बैंक के पास का रहने वाला नितिन रात को घर के बाहर खड़ा हुआ था। इसी बीच कई स्कूटी पर सवार होकर दस-बारह युवक लोहे की राॅड और डंडे लेकर आए और नितिन पर हमला किया। नितिन ने आरोपियों से बचकर भागने का प्रयास किया तो आरोपी उसका पीछा कर उसे पीटते रहे। सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के भाई अजय के मुताबिक एक आरोपी के घर नितिन काम करता है। आरोपी की परिवार की एक महिला से प्रेमप्रसंग के विरोध पर नितिन ने काम छोड़ दिया। इसके बावजूद आरोपियों ने नितिन पर हमला किया है। अजय का कहना है कि महिला ही नितिन से बात करती है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।